New Delhi/Alive News: केंद्र सरकार ने कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद कानपुर से हमीरपुर, महोबा और कबरई तक की यात्रा पहले के मुकाबले काफी तेज और आसान हो जाएगी। अभी जहां इस सफर में करीब 4 से 4.5 घंटे लगते हैं, वहीं एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी लगभग 90 मिनट से डेढ़ घंटे में पूरी की जा सकेगी।
इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 7,145.14 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच हाई-स्पीड सड़क संपर्क को भी मजबूत करेगा। यह मार्ग भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
इन जिलों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के इन जिलों से होकर निकलेगा:
- कानपुर नगर
- फतेहपुर
- हमीरपुर
- महोबा
- कबरई
94 गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
चार लेन वाले इस आधुनिक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए करीब 1,139 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। यह जमीन उत्तर प्रदेश के चार जिलों के लगभग 94 गांवों में स्थित है। परियोजना के दौरान पर्यावरण संबंधी सभी नियमों का पालन किया जाएगा।
93 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
इस परियोजना से मार्ग के आसपास स्थित 93 से अधिक गांवों को सीधा फायदा मिलेगा। इनमें:
- कानपुर के 49 गांव
- हमीरपुर के 35 गांव
- महोबा के 9 गांव
शामिल हैं। बेहतर सड़क संपर्क से इन क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

