Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए चौथे वीकेंड अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चलाए गए अभियान में जिलेभर से 166 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 72 उद्घोषित अपराधियों (PO) और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि 39 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिवारों से मिलाया गया।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियार, नशीले पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाना था। इस दौरान पुलिस ने 1 किलो 312 ग्राम गांजा, 11 देसी कट्टे, 2 कारतूस, 412.5 बोतल अवैध देसी शराब और 25,330 रुपये की जुआ राशि बरामद की।
पुलिस के अनुसार, चार वीकेंड अभियानों में अब तक करीब 1010 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही 550 से अधिक उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार या नशीले पदार्थों से जुड़ी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

