August 2, 2026

ऑनलाइन लोन के नाम पर ₹38 हजार की साइबर ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन लोन साइबर ठगी मामले में कार्रवाई करती फरीदाबाद साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर 38 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो खाताधारक और एक व्यक्ति शामिल है, जिसने बैंक खाते ठगों तक पहुंचाए। अदालत ने दो आरोपियों को जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-9 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि एक ऑनलाइन लोन कंपनी ने उसे 15 लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया। सबसे पहले उससे 599 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर जमा कराए गए। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, बैंक चार्ज और इंश्योरेंस सहित अलग-अलग बहाने बनाकर कुल 38 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।

जब शिकायतकर्ता ने लोन जारी करने की बात कही तो ठग लगातार नए-नए शुल्क मांगते रहे। इसके बाद पीड़ित को साइबर ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने विजय निवासी श्रीगंगानगर (राजस्थान), संदीप निवासी श्रीगंगानगर (राजस्थान) और रोहित निवासी जयपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में पता चला कि संदीप और विजय के बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम लेने के लिए किया गया। संदीप के खाते में 17 हजार रुपये और विजय के खाते में 21 हजार रुपये आए थे। दोनों ने अपने बैंक खाते रोहित को उपलब्ध कराए थे और रोहित ने इन्हें आगे साइबर ठगों तक पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, संदीप और विजय मजदूरी का काम करते हैं, जबकि रोहित पहले सुनार की दुकान चलाता था। संदीप की रोहित से करीब दो साल पहले पहचान हुई थी।

पुलिस ने संदीप और विजय को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं रोहित को छह दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।