August 2, 2026

कांवड़ यात्रा के लिए फरीदाबाद में ट्रैफिक डायवर्ट, 11 अगस्त तक NH-19 पर भारी वाहनों की एंट्री बंद

कांवड़ यात्रा के दौरान फरीदाबाद में ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस द्वारा जारी रूट प्लान।

कांवड़ यात्रा को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए 11 अगस्त तक नेशनल हाईवे-19 (NH-19) पर भारी और मध्यम व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पैदल कांवड़ियों और डाक कांवड़ के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, हरिद्वार, गंगोत्री, गोमुख और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िए फरीदाबाद से होकर गुजरेंगे। उनके प्रवेश के लिए बदरपुर बॉर्डर, सेहतपुर-पल्ला और आगरा कैनाल रोड को निर्धारित किया गया है। वहीं निकासी के लिए सीकरी बॉर्डर, झाड़सेंतली, गदपुरी बॉर्डर और गुरुग्राम टोल का उपयोग किया जाएगा।

पलवल और गुरुग्राम के लिए अलग रूट

दिल्ली की ओर से आने वाले और पलवल जाने वाले कांवड़िए कालिंदी कुंज, जैतपुर, सराय, पल्ला, एमसीडी टोल, आगरा कैनाल रोड, सोतई पुल और कैली बाइपास से होकर गुजरेंगे।

वहीं गुरुग्राम जाने वाले श्रद्धालु सेक्टर-28/29 कट, बड़खल चौक और अंखीर चौक के रास्ते आगे बढ़ेंगे। पैदल कांवड़ियों के लिए आगरा कैनाल रोड को मुख्य मार्ग बनाया गया है।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

11 अगस्त तक मुख्य कांवड़ मार्गों पर भारी और मध्यम व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को केएमपी एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे और अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। हल्के वाहनों के लिए भी सूरजकुंड रोड, बड़खल-मांगर रोड सहित अन्य वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं।

आपातकालीन सेवाओं की विशेष व्यवस्था

कांवड़ यात्रा के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, क्रेन, रिकवरी वाहन, चिकित्सा दल और विशेष ट्रैफिक पुलिस टीमों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।