September 14, 2026

फरीदाबाद BK अस्पताल में सर्जन ने खुद लगाई झाड़ू, OT में सफाईकर्मी नहीं पहुंचने पर VIDEO वायरल

फरीदाबाद के BK अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में झाड़ू लगाते वरिष्ठ सर्जन डॉ. सतीश वर्मा।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल बादशाह खान (BK) अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हड्डी रोग विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. सतीश वर्मा को ऑपरेशन थिएटर (OT) में सफाईकर्मी नहीं मिलने पर खुद झाड़ू और वाइपर से सफाई करनी पड़ी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

डॉ. सतीश वर्मा ने बताया कि 30 जुलाई को उनकी चार सर्जरी निर्धारित थीं। ऑपरेशन के दौरान उन्होंने देखा कि OT में काफी गंदगी और मेडिकल वेस्ट जमा हो गया है। उन्होंने सफाई के लिए कर्मचारियों को बुलाया, लेकिन काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा।

डॉक्टर के अनुसार, उन्होंने करीब 30 मिनट तक इंतजार किया। जब कोई सफाईकर्मी नहीं आया तो उन्होंने खुद झाड़ू और वाइपर उठाकर ऑपरेशन थिएटर की सफाई की, ताकि निर्धारित सर्जरी समय पर की जा सके और मरीजों को परेशानी न हो।

डॉ. वर्मा का कहना है कि अस्पताल में करीब 70 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्हें बताया गया कि उस दिन OT का सफाई कर्मचारी छुट्टी पर था। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में दूसरे कर्मचारी की ड्यूटी लगाना संबंधित नर्सिंग स्टाफ की जिम्मेदारी थी।

वीडियो वायरल, स्वास्थ्य विभाग ने मांगी रिपोर्ट

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग, पंचकूला ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।