July 31, 2026

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2.13 करोड़ की साइबर ठगी, जयपुर से खाताधारक गिरफ्तार

डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी मामले में कार्रवाई करती फरीदाबाद साइबर पुलिस।

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2.13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में राजस्थान के जयपुर से एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 5.10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक खातों के बारे में पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 में सेक्टर-64सी निवासी एक व्यक्ति को टेलीकॉम विभाग, मुंबई क्राइम ब्रांच, ईडी और सुप्रीम कोर्ट का अधिकारी बनकर कॉल की गई। ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाया और वीडियो कॉल पर निगरानी रखते हुए फर्जी दस्तावेज भेजकर पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में 2.13 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैंक खातों का विश्लेषण किया और 1.05 करोड़ रुपये फ्रीज कराकर पीड़ित के खाते में वापस दिला दिए। पुलिस अब इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी सरकारी एजेंसी या अदालत वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती और न ही जांच के नाम पर किसी खाते में पैसे ट्रांसफर करने को कहती है। ऐसे मामलों में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।