October 2, 2026

शगुन योजना से पुलिस परिवारों को सहारा, फरीदाबाद में ASI को मिला ₹2.50 लाख का चेक

डीसीपी हिमाद्री कौशिक द्वारा एएसआई सुंदर सिंह को शगुन योजना के तहत ₹2.50 लाख का चेक प्रदान करते हुए।

Faridabad/Alive News: हरियाणा पुलिस की कल्याणकारी ‘शगुन योजना’ के तहत फरीदाबाद पुलिस के एक कर्मचारी को उनकी बेटी के विवाह के लिए ₹2.50 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह राशि पुलिस परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजना के तहत दी गई।

पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) हिमाद्री कौशिक ने सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुंदर सिंह को उनकी पुत्री के विवाह के अवसर पर ₹2.50 लाख का चेक सौंपा।

चेक प्राप्त करने के बाद एएसआई सुंदर सिंह ने हरियाणा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए काफी उपयोगी और सहारा देने वाली है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा पुलिस की शगुन योजना के तहत विभाग के पात्र कर्मचारियों को उनकी प्रत्येक पात्र पुत्री के विवाह पर ₹2.50 लाख की सहायता दी जाती है। यह सुविधा अधिकतम दो पुत्रियों के विवाह तक उपलब्ध है। योजना का उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों पर विवाह से जुड़ा आर्थिक बोझ कम करना और उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।

इस अवसर पर डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने कहा कि हरियाणा पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सेवा में लगे रहते हैं, इसलिए उनके परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बनना विभाग की जिम्मेदारी है।

उन्होंने यह भी कहा कि फरीदाबाद पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि विभाग की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र कर्मचारियों तक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पहुंचे।