Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना सेंट्रल ने बिना OTP के बैंक खातों से 1.81 लाख की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.20 लाख नकद और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पल्ला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 4 जून 2026 को उसकी जानकारी और अनुमति के बिना उसके तीन अलग-अलग बैंक खातों से तीन ट्रांजेक्शन के जरिए 1,81,800 निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान उसके मोबाइल पर कोई OTP भी नहीं आया। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर चार आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलू कुशवाह (जिला निवाड़ी, मध्य प्रदेश), कल्लू कुशवाह (जिला निवाड़ी, मध्य प्रदेश), मुकेश कुशवाह (जिला झांसी, उत्तर प्रदेश) और निशांक शर्मा (जिला झांसी, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगों तक पहुंचाने के लिए किया। आरोपी कल्लू कुशवाह ने अपना बैंक खाता अपने दोस्त नीलू कुशवाह को दिया, जिसके खाते में ठगी के 69,500 आए थे। इसके बाद बैंक खाता मुकेश और फिर निशांक तक पहुंचा। पुलिस के अनुसार, निशांक ने यह बैंक खाता टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों को उपलब्ध कराया, जिसके माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। यदि खाते से कोई संदिग्ध लेन-देन दिखाई दे तो तुरंत बैंक से संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

