Noida/Alive News: चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों में सत्र 2026-27 के यूजी और पीजी कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन का आज अंतिम दिन है। जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे समर्थ पोर्टल के माध्यम से सोमवार रात तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद मेरिट सूची जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
यूनिवर्सिटी ने पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तय की थी। कम आवेदन मिलने पर इसे पहले 8 जुलाई, फिर 20 जुलाई और अंत में 27 जुलाई तक बढ़ाया गया। अब आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर काउंसलिंग और प्रवेश शुरू होंगे।
सेक्टर-39 स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज के क्लर्क अर्जित सिंह ने बताया कि इन दिनों रोजाना 40 से 50 अभिभावक अपने बच्चों के साथ कॉलेज पहुंचकर विभिन्न यूजी कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ले रहे हैं। मेरिट सूची जारी होने के बाद चयनित छात्रों की काउंसलिंग और दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वर्जन
कम आवेदन मिलने के कारण यूनिवर्सिटी को कई बार आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी। अब 27 जुलाई के बाद मेरिट सूची जारी होने की संभावना है, जबकि अगस्त से काउंसलिंग शुरू होगी। वहीं, सेकेंड और थर्ड ईयर के छात्रों की क्लास 25 से शुरू हो चुकी हैं।
— अनीता मिश्रा, प्रिंसिपल, राजकीय डिग्री कॉलेज, सेक्टर-39

