Noida/Alive News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक बस सेवा को समयबद्ध और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी तेज हो गई है। कासना और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नए चार्जिंग स्टेशन शुरू होने के बाद कई रूटों की बसों का शेड्यूल दोबारा तैयार किया जाएगा। इससे चार्जिंग के लिए बसों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और यात्रियों को समय पर बसें मिल सकेंगी।
15 जून से शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा में चार्जिंग की सीमित सुविधा के कारण कई बसें तय समय से देरी से संचालित हो रही थीं। इसे देखते हुए नोएडा प्राधिकरण कासना में सात नए चार्जिंग पॉइंट तैयार करा रही हैं। वहीं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में भी दो चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जिन्हें इस सप्ताह चालू किए जाने की तैयारी है।
चार्जिंग स्टेशन शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा रूट की बसें कासना में ही चार्ज होंगी। इससे उनका परिचालन अधिक व्यवस्थित होगा और फेरे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही साहिबाबाद रूट पर चल रही इलेक्ट्रिक बसों का शेड्यूल भी बदला जाएगा। यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार बसों के संचालन का समय तय किया जाएगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की बसों के रूटों के शेड्यूल में भी बदलाव की तैयारी चल रही है।
इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि कासना में सात नए चार्जिंग पॉइंट बनाए जा रहे हैं। इनके शुरू होने के बाद साहिबाबाद रूट पर चल रही 26 इलेक्ट्रिक बसों का नया शेड्यूल लागू किया जाएगा। साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा की बसों के शेड्यूल में भी बदलाव की बात चल रही है।

