New Delhi/Alive News: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में 19 वर्षीय NEET छात्रा अंकिता सुरेश सांगले ने रविवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा कि परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं आने से वह मानसिक तनाव में थी और डॉक्टर बनने का उसका सपना अधूरा रह गया।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय अंकिता अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। काफी देर तक कोई आवाज नहीं आने पर उसकी मां कमरे में पहुंचीं, जहां अंकिता मृत मिली।
सुसाइड नोट में अंकिता ने लिखा कि री-एग्जाम में उसे 166 अंक मिले, जबकि कटऑफ 177 अंक था। उसने यह भी लिखा कि उसके इस कदम के लिए उसके माता-पिता और भाई को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
अंकिता के पिता सुरेश सांगले ने बताया कि उनकी बेटी ने NEET की अच्छी तैयारी की थी। शुरुआती परीक्षा में भी उसके अच्छे अंक आए थे, लेकिन परीक्षा से जुड़े विवादों और री-एग्जाम के बाद वह लगातार तनाव में रहने लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

