July 26, 2026

अवैध देसी कट्टा बेचने वाला गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने दो आरोपियों को दबोचा

अवैध देसी कट्टा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के साथ फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक देसी कट्टा रखने और बेचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी को अवैध हथियार के स्रोत का पता लगाने के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 25 जुलाई 2026 को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव गोच्छी निवासी रोहित (24) जीवन नगर पार्ट-2 इलाके में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।

इसके बाद थाना मुजेसर में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह देसी कट्टा अपने दोस्त फिरोज से ₹6,500 में खरीदा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुजेसर फाटक के पास से फिरोज को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। फिरोज के खिलाफ थाना सेक्टर-7 में हत्या का मामला दर्ज है, जबकि रोहित के खिलाफ मारपीट सहित दो मामले पहले से दर्ज हैं।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने रोहित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि फिरोज को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस उससे अवैध हथियार के सप्लाई नेटवर्क और स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है।