Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने बाली टूर पैकेज के नाम पर एक महिला से 48 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में एक ट्रैवल एजेंट को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-3 निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि उसने 26 मई को ‘द टूरिंग’ नाम की ट्रैवल एजेंसी से बाली जाने के लिए 48 हजार रुपये का टूर पैकेज बुक कराया था। एजेंसी की ओर से उसे बिल भी भेज दिया गया। महिला ने 21 से 26 जून के बीच बाली जाने वाले ग्रुप में शामिल करने की बात कही, लेकिन ट्रैवल एजेंट ने कहा कि फ्लाइट से दो दिन पहले ग्रुप में जोड़ दिया जाएगा।
19 जून को जब महिला ने एजेंट से संपर्क करने की कोशिश की तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद महिला ने एयर इंडिया से अपनी टिकट की जानकारी ली, जहां पता चला कि उसके नाम पर कोई टिकट बुक ही नहीं थी। तब उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने 25 जुलाई को पंजाब के एसएएस नगर (मोहाली) से लव गुप्ता (38) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने MakeMyTrip के जरिए टिकट बुक कर उसका बिल महिला को भेज दिया था, लेकिन 24 घंटे के भीतर टिकट का भुगतान नहीं किया। भुगतान न होने के कारण टिकट अपने आप रद्द हो गई, जबकि महिला से लिए गए 48 हजार रुपये उसने अपने पास रख लिए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बीबीए पास है और पहले पंजाब के जीरकपुर में ‘द टूरिंग’ नाम से ट्रैवल एजेंसी चलाता था। उसके बैंक खाते में ठगी की रकम आई थी। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी इसी तरह 5 से 6 अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस अब इन मामलों की भी जांच कर रही है।

