July 26, 2026

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, प्रह्लाद जोशी को मिली मंत्रालय की जिम्मेदारी

New Delhi/Alive News: केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पिछले 36 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही थी। शनिवार शाम करीब 8:15 बजे शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंप दिया गया। प्रह्लाद जोशी पहले से खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, ऊर्जा और उपभोक्ता मामलों के मंत्री हैं।

इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा, “कहा जाता था कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते, लेकिन झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए।”

धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे के साथ दो पन्नों का एक पत्र भी जारी किया। लगभग 575 शब्दों के इस पत्र में उन्होंने विभिन्न मुद्दों का उल्लेख किया और दो जगह युवाओं को भ्रमित किए जाने की बात भी कही।

बताया जा रहा है कि 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद यह पहली बार है जब किसी केंद्रीय मंत्री ने लंबे समय तक चले विरोध प्रदर्शन के बीच इस्तीफा दिया है। इससे पहले 2018 में तत्कालीन विदेश राज्य मंत्री एम.जे. अकबर ने अपने ऊपर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद इस्तीफा दिया था।