New Delhi/Alive News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने सबसे पहले कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि कारगिल के सैनिकों का साहस और बलिदान हमेशा देश को प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस साल दिल्ली से द्रास तक ‘शौर्य विजय यात्रा’ निकाली जा रही है, ताकि नई पीढ़ी को कारगिल के वीरों के बलिदान के बारे में जानकारी मिल सके।
पीएम मोदी ने देश के युवाओं की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय छात्रों ने फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और गणित के साइंस ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन कर दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है।
उन्होंने हाल ही में हुए विक्रम-1 रॉकेट के सफल प्रक्षेपण का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत का पहला निजी क्षेत्र द्वारा विकसित रॉकेट है और युवा इनोवेटर्स ने वह कर दिखाया, जो कभी असंभव माना जाता था।
पर्यावरण संरक्षण पर बोलते हुए पीएम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘कैच द रेन’ अभियान का समर्थन किया। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करने, मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं अपनाने और जल संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और खादी को बढ़ावा देने की भी बात कही। उन्होंने कश्मीर की वागु चटाई, बिजनौर की हर्बल चाय और नेशनल हैंडलूम डे का उल्लेख करते हुए लोगों से स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आग्रह किया।
इसके अलावा उन्होंने केरल में फुटबॉल के जरिए संस्कृत सिखाने की पहल, मणिपुर के वैज्ञानिक डॉ. रोनाल्डो मीनांशम की उपलब्धि, त्रिपुरा के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के संरक्षण, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की भी अपील की।

