Faridabad/Alive News: फोन हैक कर एक महिला के बैंक खाते से 5.12 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 24 जुलाई को करनाल से पकड़ा गया। अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसके मोबाइल पर एक लिंक आया। जैसे ही उसने उस लिंक पर क्लिक किया, उसका फोन हैक हो गया और उसके बैंक खाते से 5.12 लाख निकाल लिए गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने करनाल निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने दिल्ली से एलएलबी की पढ़ाई की है। उसकी पहचान टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों से हुई थी। ठगों ने उसे बैंक खाते ऑपरेट कर पैसे कमाने का लालच दिया, जिसके बाद वह उनके लिए काम करने लगा।
पुलिस जांच में पता चला कि ठग आरोपी के पास कोरियर के माध्यम से बैंक खातों की किट और पंजीकृत सिम कार्ड भेजते थे। आरोपी इन खातों के UPI और PIN बनाकर उनमें आए ठगी के पैसों को एटीएम से निकालता और ठगों द्वारा बताए गए अन्य खातों में ट्रांसफर कर देता था।
जांच में सामने आया कि इस मामले से जुड़े एक बैंक खाते में 49 हजार रुपये की ठगी की राशि आई थी, जिसका एक्सेस आरोपी के पास था। इसके अलावा पुलिस को 7 से 8 अन्य बैंक खातों का एक्सेस भी आरोपी के पास मिलने की जानकारी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

