Faridabad/Alive News: जीवा पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को पिता के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पिता के प्रति अपना सम्मान और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस मौके पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्ष चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव, प्रधानाचार्या नरजीत कौर, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय के लर्निंग सेंटर का अवलोकन किया और इसकी आधुनिक शिक्षण व्यवस्था की सराहना की। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक भावनात्मक नाट्य प्रस्तुति दी, जिसमें पिता के संघर्ष, त्याग, स्नेह और परिवार के प्रति उनके समर्पण को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।
इसके बाद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने ऑन-द-स्पॉट डांस प्रस्तुतियों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन गतिविधियों ने पिता और बच्चों के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीयता के रिश्ते को और मजबूत बनाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पिता के स्नेह, मार्गदर्शन और त्याग को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि अभिभावक बच्चों को केवल पढ़ाई के लिए नहीं, बल्कि सीखने के लिए विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि जीवा लर्निंग सिस्टम का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, आत्मचिंतन और जीवन-मूल्यों का विकास करना है, ताकि वे जीवनभर सीखने वाले नागरिक बन सकें।

