Faridabad/Alive News: सूरजकुंड थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में शराब के गोदाम पर फायरिंग कर डकैती की वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार उपलब्ध कराने के आरोपी को अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पांच हजार का इनाम घोषित था। उसे 24 जुलाई को उत्तर प्रदेश के एटा से गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2025 की सुबह सूरजकुंड क्षेत्र में शराब के ठेके के पीछे बने गोदाम पर बदमाशों ने फायरिंग कर 1.60 लाख नकद और शराब की एक पेटी लूट ली थी। इस मामले में गांव अनंगपुर निवासी प्रदीप की शिकायत पर थाना सूरजकुंड में केस दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी ने वारदात में शामिल मुख्य आरोपी विजय फौजी को दो देसी कट्टे उपलब्ध कराए थे। विजय फौजी का आरोपी के परिवार से पहले से परिचय था और इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश में लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। फरीदाबाद पुलिस ने दिसंबर 2025 में उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था। तकनीकी और खुफिया सूचना के आधार पर अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आखिरकार उसे एटा से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से ही उत्तर प्रदेश में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। इस डकैती मामले में अब तक मुख्य आरोपी विजय फौजी सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है।

