September 24, 2026

तीन मिनट की बारिश के बाद निकली तेज धूप, ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई येलो जोन में

Noida/Alive News: गुरुवार को बारिश के अलर्ट के बावजूद नोएडा-ग्रेटर नोएडा में केवल करीब तीन मिनट हल्की बारिश हुई, जिसके बाद तेज धूप निकल आई। इस बीच दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अब शुक्रवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। वहीं, दो दिनों तक ग्रीन जोन में रहने के बाद ग्रेटर नोएडा की वायु गुणवत्ता फिर येलो जोन में पहुंच गई है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।

रविवार को सुबह आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सोमवार से 29 जुलाई तक अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। सप्ताह के अंत में आसमान में काले बादल छाने और बारिश होने के आसार हैं।

वायु गुणवत्ता की बात करें तो ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई एक बार फिर बढ़कर 105 पहुंच गया है, जिससे शहर की हवा ग्रीन जोन से निकलकर येलो जोन में दर्ज की गई। वहीं, नोएडा का एक्यूआई 61 दर्ज किया गया, जो ग्रीन जोन और संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ है।