July 23, 2026

4-बिन कचरा पृथक्करण और स्वच्छता को लेकर नगर निगम का जागरूकता अभियान

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने 4-बिन स्रोत पृथक्करण, स्टॉप डायरिया अभियान और “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत शहर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान लोगों को कचरे को अलग-अलग रखने, स्वच्छता बनाए रखने और बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल, एनआईटी में विद्यार्थियों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, स्वच्छता के महत्व, डायरिया से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में बताया गया। साथ ही छात्रों से अपने घर और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए जागरूक करने की अपील की गई।

इसके अलावा सेक्टर-16 मार्केट और ओल्ड फरीदाबाद में नुक्कड़ नाटक के जरिए दुकानदारों, स्थानीय लोगों और राहगीरों को 4-बिन प्रणाली, कचरे के सही तरीके से निस्तारण और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

नगर निगम की एसबीएम एक्सपर्ट कल्पना मंडल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। यदि लोग घरों, दुकानों और अन्य स्थानों पर कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करें और स्वच्छता के नियमों का पालन करें, तो डायरिया समेत कई संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

नगर निगम ने सभी नागरिकों से 4-बिन स्रोत पृथक्करण प्रणाली अपनाने और “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।