July 22, 2026

पेपर लीक पर संसद में जारी गतिरोध, चर्चा के नियम को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने

पेपर लीक मुद्दे पर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध

New Delhi/Alive News: संसद के मौजूदा सत्र में पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव जारी है। दोनों पक्ष इस मामले पर चर्चा के तरीके को लेकर अब तक किसी सहमति पर नहीं पहुंच पाए हैं। ऐसे में संसद का गतिरोध जल्द खत्म होता नहीं दिख रहा है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए सरकार को विपक्ष का कार्यस्थगन प्रस्ताव स्वीकार करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस नियम 193 के तहत चर्चा के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि इस नियम के तहत बिना मतदान के केवल अल्पकालिक चर्चा होती है।

वेणुगोपाल ने बताया कि इस संबंध में कांग्रेस ने अपनी बात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी बता दी है।

विपक्ष का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक संसद के अंदर और बाहर उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

विपक्ष की मुख्य मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, कार्यस्थगन प्रस्ताव को मंजूरी और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेना शामिल हैं।