July 22, 2026

भोजशाला विवाद: सुप्रीम कोर्ट में मुस्लिम पक्ष की अपील, वैकल्पिक नमाज की जमीन को बताया दूर

धार भोजशाला विवाद मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष की दलील

Faridabad/Alive News: धार स्थित भोजशाला विवाद को लेकर मुस्लिम पक्ष ने एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष ने शुक्रवार की नमाज के लिए दी गई वैकल्पिक जमीन पर आपत्ति जताई।

मुस्लिम पक्ष के वरिष्ठ वकील हुजैफा अहमदी ने अदालत को बताया कि नमाज के लिए उपलब्ध कराई गई जमीन भोजशाला परिसर से करीब 2 किलोमीटर दूर है। जबकि पहले अदालत ने निर्देश दिया था कि वैकल्पिक जगह विवादित स्थल के आसपास होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दूरी अधिक होने के कारण एक शुक्रवार की नमाज भी नहीं हो सकी और इस मुद्दे पर जल्द सुनवाई की जाए।

इस पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले को व्यक्तिगत रूप से देखेंगे और आवश्यक सुधार करेंगे। इसके बाद मामले को शुक्रवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया।

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि अदालत के आदेश का पालन केवल शब्दों में नहीं, बल्कि उसकी भावना के अनुरूप भी होना चाहिए।

गौरतलब है कि 14 जुलाई की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष की शुक्रवार की नमाज जारी रखने की मांग पर वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने का सुझाव दिया था। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा था कि अंतिम फैसला आने तक आसपास के क्षेत्र में अंतरिम व्यवस्था की जा सकती है।