July 22, 2026

निपुण लक्ष्य बैठक में टीएलएम प्रस्तुतीकरण, शिक्षकों ने अखबार वाचन को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

Noida/Alive News: परथला स्थित कंपोजिट प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को निपुण लक्ष्य शिक्षक संकुल बैठक के तहत टीएलएम प्रस्तुतीकरण का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता डायट प्रिंसिपल अर्चना गुप्ता ने की। उन्होंने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कक्षा में दस प्रभावी शिक्षण व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। साथ ही कैच-अप कार्यक्रम के तहत बच्चों की सीखने की कमी की पहचान कर उसे दूर करने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में ‘डियर’ (ड्रॉप एवरीथिंग एंड रीड) कार्यक्रम को सभी स्कूलों में नियमित रूप से लागू करने तथा अखबार वाचन को शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाने पर भी सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक शिक्षक प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ेंगे और उसमें प्रकाशित उपयोगी खबरों, चित्रों व लेखों को कक्षा में बच्चों के साथ साझा करेंगे। इससे विद्यार्थियों में पठन संस्कृति विकसित होगी, सामान्य ज्ञान बढ़ेगा और भाषा कौशल को मजबूती मिलेगी।नोडल शिक्षक संकुल अर्चना पांडेय तथा शिक्षक संकुल श्रुति और सरिका ने शिक्षकों के साथ नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियां कराईं। कार्यक्रम के अंत में स्कूल की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रिंसिपल मंजू लता सिंह का आभार व्यक्त किया गया। सर्वश्रेष्ठ टीएलएम प्रस्तुतीकरण देने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।