July 21, 2026

एनडीए ‘मंगल मिलन’ बैठक में पीएम मोदी का बड़ा बयान, बोले- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे

एनडीए संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' में संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

New Delhi/Alive News: दिल्ली में आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट (NEET) परीक्षा में पेपर लीक के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे ही पेपर लीक की जानकारी मिली, सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। साथ ही छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए नीट की दोबारा परीक्षा कराई गई और समय पर परिणाम भी घोषित किए गए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि इस रैकेट में शामिल लोगों को देश के शीर्ष वकीलों की मदद से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर हमेशा के लिए रोक लग सके।

बैठक में प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक किसी एक राज्य या केंद्र सरकार का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश की चिंता का विषय है। उन्होंने सभी राज्यों से अपील की कि इस अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ मिलकर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह राजनीति का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का मामला है।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी देश के साथ होने वाले व्यापार समझौते में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसे किसी भी समझौते से किसानों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री ने हाल के महीनों में देश की उपलब्धियों और सरकार की विभिन्न योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की।