Noida/Alive News: वर्षा, आंधी में शार्ट सर्किट की वजह से बार-बार खराब होने वाली स्ट्रीट लाइटों को अब पुख्ता सुरक्षा मिलेगी। इसके लिए ऑल वेदर डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स तकनीक को अपनाया जा रहा है। केरलम में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर इस बाक्स को लगाना शुरू कर दिया गया है।
इससे हर मौसम में सड़क पर स्ट्रीट लाइट से उजाला फैलाने में मदद मिलेगी और सड़क दुर्घटना होने का खतरा भी कम होगा। ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार में इस तरह का बाक्स बनाया जा रहा है। उद्यमी जेड रहमान के अनुसार एनसीआर में इस प्रकार का बॉक्स बनाने वाली यह पहली और देश की दूसरी इकाई है।
रेलवे, सड़क समेत और अन्य परिवहन प्रणालियों में भी इस बॉक्स का इस्तेमाल हो रहा है क्योंकि यह हर मौसम में बिजली आपूर्ति को सुरक्षित बनाए रखने के अनुकूल है।
सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगा ब्रेक
रात में लाइट बंद होने से होने वाले हादसे आम बात हैं। खासकर मानसून में स्विच में पानी जाने से स्पार्किंग हो जाती है और पूरी लाइन ठप पड़ जाती है। आल वेदर डिस्ट्रीब्यूशन बाक्स पूरी तरह वाटरप्रूफ और मौसमरोधी है। इसकी वजह से आंधी-बारिश में भी लाइटें लगातार जलती रहेंगी। इससे सड़क पर दृश्यता बनी रहेगी और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा।
लॉकिंग सिस्टम के कारण छेड़छाड़ की संभावना कम
इसके साथ ही बाक्स में लाकिंग सिस्टम दिया गया है। इससे तार कटने, चोरी और असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगेगी। अंधेरी सड़कों पर महिलाओं और रात में ड्यूटी करने वाले लोगों को भी सुरक्षा का एहसास होगा।

