July 20, 2026

चार्जिंग सुविधा बढ़ने से समय पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, सेक्टर-90 डिपो में बनेंगे 20 नए चार्जिंग पॉइंट

Noida/Alive News:  शहर में संचालित इलेक्ट्रिक बस सेवा जल्द ही चार्जिंग व्यवस्था की समस्या से राहत पा सकती है। बसों के निर्धारित समय पर संचालन में आ रही बाधा को दूर करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-90 स्थित इलेक्ट्रिक बस डिपो में 20 नए चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए डिपो में 33 केवी बिजली लाइन बिछाई जा रही है। जिसके बाद बसों को चार्जिंग के लिए लंबी कतार में नहीं लगना पड़ेगा।

इलेक्ट्रिक बस के एक चालक ने बताया कि वर्तमान में सेक्टर-90 डिपो में केवल पांच चार्जिंग पॉइंट हैं, जिनमें से एक खराब पड़ा है। वहीं डिपो पर 40 से अधिक बसें चार्जिंग के लिए पहुंचती हैं। इसी तरह मोरना डिपो में भी केवल पांच चार्जिंग पॉइंट हैं, जहां बसों की लंबी कतार लगी रहती है। ऐसे में कई बसें पूरी तरह चार्ज नहीं हो पातीं और निर्धारित समय से देरी से रवाना होती हैं।

प्राधिकरण की निगरानी में सेक्टर-90 डिपो में 33 केवी बिजली लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य करीब दो माह में पूरा होगा। इसके बाद 20 नए चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए जाएंगे, जिससे अधिक बसों की एक साथ चार्जिंग संभव हो सकेगी और बिजली लोड बढ़ने पर भी सुरक्षा संबंधी कोई समस्या नहीं आएगी।

एयरपोर्ट और कासना में भी बढ़ेगी चार्जिंग सुविधा

नोएडा एयरपोर्ट पर दो गन वाले दो चार्जिंग पॉइंट तैयार किए जा चुके हैं। वहीं कासना में पांच चार्जिंग पॉइंट पहले से बने हैं और दो नए पॉइंट तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें इसी महीने शुरू करने की योजना है। जिससे इलेक्ट्रिक और डबल डेकर बसों की चार्जिंग व्यवस्था और बेहतर होगी।

दो से तीन घंटे चार्जिंग, फिर इंतजार अलग

 मोरना और सेक्टर-90 डिपो में दो गन वाले पांच-पांच चार्जिंग पॉइंट हैं। एक बस को पूरी तरह चार्ज होने में करीब दो से तीन घंटे का समय लगता है। इसके अलावा चार्जिंग की बारी आने के लिए भी करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। इससे बसों का संचालन प्रभावित होता है और कई बसें निर्धारित समय से देरी से चलती हैं।

वर्जन

डिपो में 20 नए चार्जिंग पॉइंट बनाने का काम शुरू हो चुका है। इनके शुरू होने के बाद इलेक्ट्रिक बस चालकों को चार्जिंग के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और बसों का संचालन भी बेहतर होगा।

— राजेश कुमार, एआरएम, सेक्टर-90 इलेक्ट्रिक बस डिपो