Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने थाना खेड़ीपुल क्षेत्र की एक जीन्स धुलाई फैक्ट्री में हुई लूट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रौनक, निवासी बसंतपुर पल्ला, फरीदाबाद के रूप में हुई है। उसे 17 जुलाई को सेक्टर-29 पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-85 निवासी फैक्ट्री संचालक राम सिंह ने शिकायत दी थी कि उनकी जस्सी कॉलोनी स्थित जीन्स धुलाई फैक्ट्री में कुछ कर्मचारी पहले से काम कर रहे थे। काम अधिक होने के कारण उन्होंने रौनक और उसके एक साथी को कुछ दिनों के लिए दिहाड़ी पर रखा था।
शिकायत के मुताबिक, 14-15 जुलाई की रात रौनक अपने साथियों के साथ फैक्ट्री पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद दो कर्मचारियों अजय और हिमांशु के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर टेप लगा दी। इसके बाद आरोपी फैक्ट्री से करीब 2,800 जीन्स टेम्पो में भरकर फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रौनक केवल 4–5 दिन पहले ही फैक्ट्री में काम पर लगा था। पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने तीन भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और लूटा गया सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

