July 19, 2026

‘ड्रग्स मुक्त हरियाणा’ अभियान को तेज करने के निर्देश, मुख्यमंत्री ने थाना प्रभारियों से किया संवाद

Faridabad/Alive News: हरियाणा को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में ‘एक पुलिस, एक संकल्प- ड्रग्स मुक्त हरियाणा’ विषय पर प्रदेशभर के थाना प्रभारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस अधिकारियों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनके पूरे नेटवर्क को खत्म करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी बुराइयों से बचाना भी है। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएं और नशे के आदी लोगों के इलाज व पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि नशे का कारोबार अब आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए फैल रहा है। ऐसे में पुलिस को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनकर केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क, आर्थिक स्रोतों और सप्लाई चेन को भी खत्म करना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए थाना प्रभारियों ने अपने सुझाव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें लागू करने का भरोसा देते हुए नशा विरोधी अभियान को जन आंदोलन बनाने की बात कही।

फरीदाबाद पुलिस की सहभागिता

फरीदाबाद पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों ने मधुबन पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने पुलिस आयुक्त कार्यालय से अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। जिले के सभी थानों के मुंशी भी ऑनलाइन इस कार्यक्रम से जुड़े।

फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम, शिक्षण संस्थानों में विशेष अभियान और नशे के आदी लोगों के उपचार व पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।