July 17, 2026

मुर्शिदाबाद में दर्दनाक हादसा: स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर, 3 की मौत, जांच शुरू

मुर्शिदाबाद में ट्रेन की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त स्कूल वैन और घटनास्थल पर मौजूद राहत-बचाव दल।

Murshidabad/Alive News: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में स्कूल वैन ट्रेन की चपेट में आ गई। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे गोविंदोपुर रेलवे फाटक के पास, कर्ना सुबर्णा रेलवे स्टेशन के निकट हुआ। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो स्कूली बच्चे शामिल हैं। वहीं कई अन्य बच्चे घायल हुए हैं, जिनका इलाज मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी, तभी एक लोकल ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जबकि पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे गेट पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि फाटक खुला हुआ था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पूर्वी रेलवे ने मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम गठित की है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।