July 17, 2026

शराब पीकर स्कूल बस चलाने वालों पर कसेगा शिकंजा

Noida/Alive News: शराब के नशे में बच्चों से भरी स्कूल बस चलाकर उनकी जान जोखिम में डालने वाले चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। ऐसे मामलों में अब केवल चालक ही नहीं, बल्कि संबंधित स्कूल पर भी कार्रवाई की जाएगी।

एआरटीओ अधिकारी नंद कुमार ने बताया कि जनपद में हाल के दिनों में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें स्कूल बस चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इससे बस में सवार बच्चों की सुरक्षा और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई स्कूल बस चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित स्कूल की जिम्मेदारी भी तय करते हुए उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने स्कूल संचालकों से भी अपील की है कि वे बस चालकों की नियमित जांच कराएं और यह सुनिश्चित करें कि बच्चों की सुरक्षा से कोई भी समझौता न हो।