November 20, 2026

मुजेसर में फॉर्च्यूनर पर फायरिंग मामले में सागर उर्फ एप्पल गिरफ्तार

फरीदाबाद के मुजेसर में फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी सागर उर्फ एप्पल।

Faridabad/Alive News: गांव मुजेसर में कार्यालय के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस को एक और सफलता मिली है। अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए सागर उर्फ एप्पल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथी संस्कार के साथ मिलकर रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में संस्कार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, गांव मुजेसर निवासी विनोद जाखड़ ने शिकायत दी थी कि 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब पांच बजे उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी कार्यालय के बाहर खड़ी थी और वह अंदर सो रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए चार से पांच युवकों ने उसकी गाड़ी पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने सागर उर्फ एप्पल निवासी गांव मुजेसर को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सागर, पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी संस्कार का साथी है। शिकायतकर्ता के साथ पुरानी रंजिश के चलते संस्कार उसे अपने साथ लेकर गया था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सागर ने अवैध हथियार से विनोद जाखड़ की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग की थी।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ और वारदात में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य सामान की बरामदगी के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।