Noida/Alive News: डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों के लिए एक सप्ताह का साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल नागरिकता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रों की काउंसलिंग सेल के सहयोग से उत्तर प्रदेश साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फिशिंग, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड, डिजिटल गोपनीयता और साइबर कानूनों की जानकारी दी।
सब-इंस्पेक्टर वरुण कुमार, जमशेद अली और सुकृति बंसल ने वास्तविक मामलों के उदाहरण देकर बताया कि संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा करने से कैसे बचें। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई। प्रिंसिपल डॉ. एच. एस. वशिष्ठ ने छात्रों से तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने और सजग डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान किया।

