July 14, 2026

मानसून के साथ बढ़ा डेंगू का खतरा, जुलाई में मिले दो नए मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Noida/Alive News: मानसून की शुरुआत के साथ जिले में डेंगू का खतरा बढ़ने लगा है। इस महीने डेंगू के दो नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जनवरी से अब तक जिले में डेंगू के कुल 19 मरीज सामने आ चुके हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बारिश के मौसम को देखते हुए विभाग ने रोकथाम की गतिविधियां तेज कर दी हैं।

नोएडा सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में मलेरिया अधिकारी श्रुतिकीर्ति वर्मा ने बताया कि इस महीने दो मरीज निजी अस्पतालों की डेंगू जांच में पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद अस्पतालों द्वारा इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। इनमें एक मरीज जलपुरा और दूसरा सेक्टर-104 का निवासी है। पहला मामला जुलाई के पहले सप्ताह और दूसरा दूसरे सप्ताह में सामने आया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि 1 से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू और अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर वहां एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास साफ पानी जमा न होने दें, क्योंकि एडीज मच्छर साफ पानी में ही पनपता है।

2,879 लोगों की हो चुकी जांच

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनवरी से अब तक जिले में 2,879 लोगों की डेंगू जांच की जा चुकी है। डेंगू के लक्षण मिलने पर मरीजों की जांच कराई जाती है। डेंगू की पुष्टि के लिए केवल एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट को मान्य माना जाता है। यह जांच जिला अस्पताल और चाइल्ड पीजीआई में उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल पॉजिटिविटी रेट कम है, लेकिन लोगों की सतर्कता ही डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।