Noida/Alive News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एक अप्रैल से चलाए जा रहे स्कूल बस फिटनेस अभियान को एआरटीओ विभाग ने पूरा कर लिया है। अभियान के तहत जिले में संचालित 2110 स्कूल बसों की फिटनेस जांच पूरी कर ली गई। इस दौरान बसों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
एआरटीओ अधिकारी नंद कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी स्कूल बसों की फिटनेस जांच पूरी हो चुकी है। जांच के दौरान बसों के ब्रेक, टायर, इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई।
वही वर्तमान में 23 बसों की फिटनेस अधूरी दिखाई दे रही है, लेकिन यह संख्या स्थायी नहीं है। प्रतिदिन कुछ बसों की फिटनेस अवधि समाप्त होती रहती है और कई बस संचालक समय रहते दोबारा फिटनेस नहीं कराते। वहीं नई स्कूल बसों के रजिस्ट्रेशन और फिटनेस प्रक्रिया में भी कुछ समय लगता है। ऐसे में बसों का आंकड़ा समय-समय पर घटता-बढ़ता रहेगा।

