Faridabad/Alive News: सतयुग दर्शन वसुंधरा के स्थापना दिवस के अवसर पर सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.) एवं सर्वोदय हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-89 भूपानी स्थित वसुंधरा परिसर में विशाल निःशुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में आसपास के 15 से अधिक गांवों के करीब 1 हजार लोगों ने लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सतयुग दर्शन ट्रस्ट के मेंटर परम आदरणीय सजन जी, मैनेजिंग ट्रस्टी रेशमा गांधी, अनुपमा तलवार, हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा तथा कमलेश शास्त्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मेगा मेडिकल कैम्प में जनरल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत चिकित्सा, अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स), बाल रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। सभी मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां तथा ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, ईसीजी, सीबीसी सहित अन्य आवश्यक जांचें भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
सतयुग दर्शन ट्रस्ट पिछले कई दशकों से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण और मानवीय सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा संचालित विद्यालय, संगीत कला केंद्र, चैरिटेबल डिस्पेंसरी एवं लैब, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, नेत्र जांच शिविर और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान समाज सेवा के प्रति इसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
ट्रस्ट के अनुसार, देशभर में संचालित 16 चैरिटेबल डिस्पेंसरी के माध्यम से हर वर्ष करीब दो लाख मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस मेडिकल कैम्प का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क पहुंचाना रहा।

