July 12, 2026

सेक्टर-18 से निकलेगी जगन्नाथ रथ यात्रा, पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

Noida/Alive News: आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा गुरुवार को सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे के पास से शाम चार बजे निकलेगी। यात्रा अट्टा मार्केट, सब मॉल, डीएम चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक और अडोब चौक से होते हुए शाम सात बजे सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी। इस आयोजन में देश-विदेश से पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस्कॉन मंदिर प्रशासन के अनुसार, यात्रा के लिए 50 फीट ऊंचा और 20 फीट चौड़ा भव्य रथ तैयार किया गया है। रथ पर भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण करेंगे। साथ ही यात्रा शुरू होने से पहले भगवान को 56 भोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी। पूरी यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। रथ की सजावट के लिए फूल मथुरा, कोलकाता और कुछ विदेशों से मंगाए गए हैं। भगवान की विशेष पोशाक भी मथुरा में तैयार कराई गई है। साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस्कॉन मंदिर के 150 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो सुरक्षा, व्यवस्था और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी संभालेंगे।