Faridabad/Alive News: नचौली-खेड़ी रोड पर बाप-बेटे पर हुए जानलेवा हमले और हत्या के प्रयास के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी (उम्र 24) निवासी गांव ढैंकोला, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी दीपक और शिकायतकर्ता के पिता अजीत के बीच घटना से कुछ दिन पहले कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते 3 जून की रात दीपक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अजीत पर रॉड और डंडों से हमला किया। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सन्नी अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा था और मारपीट में शामिल था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी दीपक सहित अंकित और उधम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। सन्नी की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
ये था पूरा मामला?
गांव जसाना निवासी तरुण ने थाना भूपानी में दर्ज शिकायत में बताया था कि 3 जून की रात करीब 9 बजे वह अपने पिता अजीत के साथ मोटरसाइकिल से नचौली होते हुए गांव खेड़ी जा रहा था। नचौली-खेड़ी रोड पर पहुंचने पर तीन गाड़ियां उनका पीछा करते हुए आईं। शिकायत के अनुसार एक स्कॉर्पियो से दीपक नाम का युवक उतरा और फायरिंग की। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अजीत पर रॉड और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना भूपानी में हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

