July 11, 2026

फरीदाबाद: फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 54.98 लाख की ठगी, आर्थिक अपराध शाखा ने नवी मुंबई से किये 2 आरोपी गिरफ्तार

फोरेक्स ट्रेडिंग धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार दो आरोपी आर्थिक अपराध शाखा की गिरफ्त में

Faridabad/Alive News; फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर पैसे दोगुने करने का लालच देकर करीब 54.98 लाख की धोखाधड़ी करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा, फरीदाबाद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवी मुंबई से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर फरीदाबाद लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद अहमद और अनिकेत शांताराम के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में नवी मुंबई के सेक्टर-30ए, सानपाड़ा क्षेत्र में रहते थे। पुलिस ने दोनों को 6 जुलाई को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना बीपीटीपी में 3 अक्टूबर 2024 को पर्वतीय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2022 में उसके एक परिचित ने स्वयं को फोरेक्स ट्रेडिंग का कारोबारी बताते हुए अधिक मुनाफा और पैसे दोगुने होने का लालच दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता, उसके परिवार और परिचितों से निवेश के नाम पर करीब 54.98 लाख रुपए की राशि ली गई, जिसमें बैंक ट्रांसफर और नकद दोनों शामिल थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निवेश की गई रकम वापस नहीं की गई और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

आर्थिक अपराध शाखा की जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने अपने परिचित लोकेश के कहने पर फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश किया था। लोकेश ने हर महीने 8 प्रतिशत मुनाफा देने का झूठा वादा किया था।

जांच के दौरान पता चला कि शिकायतकर्ता के करीब 39 लाख रुपए नवी मुंबई स्थित इंस्टेंट मुद्रा प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए थे, जिनका संचालन गिरफ्तार आरोपी साजिद अहमद और अनिकेत शांताराम कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी लोकेश को वर्ष 2025 में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब दोनों अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।