Faridabad/Alive News: फरीदाबाद साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 49 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 8 जुलाई को दिल्ली से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही एक अन्य बैंक कर्मचारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक फर्म के नाम पर बैंक में चालू खाता गलत तरीके से सत्यापित कराया था। जिस व्यक्ति के नाम पर फर्म का खाता खुलवाया गया था, उसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से खाते का सत्यापन कर दिया गया। जांच में यह भी पता चला कि सितंबर से दिसंबर 2022 के बीच इस खाते में साइबर ठगी से जुड़े 78 लाख रुपये से अधिक की रकम जमा हुई थी।
पुलिस के अनुसार, दयाल बाग निवासी एक युवती ने शिकायत दी थी कि 10 नवंबर 2022 को उसे एक व्यक्ति ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर फोन किया और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। आरोपी ने प्रक्रिया पूरी करने के बहाने मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी ली। ओटीपी साझा करते ही युवती के एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 49 हजार की धोखाधड़ीपूर्ण ट्रांजैक्शन कर ली गई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बैंक कर्मचारियों की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

