July 8, 2026

हनुमान मंदिर से 20 लाख के चांदी के आभूषण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद के सेक्टर-8 हनुमान मंदिर से चोरी हुए चांदी के आभूषण बरामद।

Faridabad/Alive news: सेक्टर-8 स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट, कुंडल और छत्र चोरी करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के चोरी हुए चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन 10 किलोग्राम से अधिक बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक निवासी गांव सिही, फरीदाबाद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पलवल जिले के गांव मिस्से का रहने वाला है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 8 जुलाई को अपराध शाखा ऊंचा गांव को सूचना मिली थी कि मंदिर से चोरी करने वाला आरोपी सेक्टर-3 स्थित गुड़गांव कैनाल के पास चोरी के चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पास पड़े ईंट-पत्थरों पर फिसलकर गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का मुकुट, कुंडल और छत्र बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन आभूषणों को बेचने की योजना बना रहा था।

गौरतलब है कि 7 जुलाई की रात सेक्टर-8 स्थित हनुमान मंदिर से अज्ञात व्यक्ति चांदी का मुकुट, कुंडल और छत्र चोरी कर ले गया था। इस संबंध में दरयाव मलिक निवासी गांव सिही की शिकायत पर थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।