July 9, 2026

इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचा मरीज, अस्पताल में मिला अपमान और धक्के

Noida/Alive News: नोएडा सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में हड्डी का इलाज कराने आए शिवम मिश्रा को डाॅक्टरों और नर्सिंग स्टाफ द्वारा अभद्रता व्यवहार और जांच के दौरान उसे परेशान करने का मामला सामने आया है। जिस संबंध में पीड़ित ने अपनी नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दी थी। जिस पर अस्पताल के सीएमएस अशोक कुमार झा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा है। जलालपुर निवासी शिवम मिश्रा ने शिकायत में बताया कि 12 मई को उन्हें बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। दाहिने हाथ की कोहनी में समस्या होने पर ओपीडी में डॉक्टर ने रक्त जांच कराने की सलाह दी। आरोप है कि दूसरे तल पर स्थित जांच केंद्र में लंबी कतार के बीच मौजूद स्टाफ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और दो दिन तक अलग-अलग कारण बताकर अस्पताल के चक्कर कटवाए। जांच रिपोर्ट आने के बाद जब वह डॉक्टर से मिले तो उन्हें सर्जरी कराने की सलाह दी गई। इसके बाद ऑपरेशन थिएटर पहुंचने पर वहां मौजूद डॉक्टर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इससे आहत होकर उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई