July 8, 2026

फरीदाबाद में 10 जुलाई को लगेगी टेलीफोन अदालत, उपभोक्ताओं की शिकायतों का होगा समाधान

फरीदाबाद में 10 जुलाई को टेलीफोन अदालत एवं खुला दरबार का आयोजन।

Faridabad/Alive News: दूरसंचार सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए फरीदाबाद में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को टेलीफोन अदालत एवं खुला दरबार आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर बारह बजे महाप्रबंधक दूरसंचार, जिला फरीदाबाद के कार्यालय में होगा।

सहायक महाप्रबंधक दूरसंचार मनीष ने बताया कि जिले के सभी दूरभाष केंद्रों के उपभोक्ता अपनी टेलीफोन सेवाओं से संबंधित शिकायतें और विवाद इस अदालत में प्रस्तुत कर सकेंगे। शिकायतों की सुनवाई महाप्रबंधक दूरसंचार, जिला फरीदाबाद द्वारा की जाएगी और उनका यथासंभव मौके पर ही निपटारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अदालत में 30 जून 2026 तक जारी टेलीफोन बिलों से संबंधित शिकायतें, अधिक बिल आने की शिकायतें तथा लैंडलाइन (LL) और एफटीटीएच (FTTH) सेवाओं से जुड़ी समस्याओं पर विचार किया जाएगा।

हालांकि, पहले आयोजित टेलीफोन अदालतों में निपटाए जा चुके मामलों तथा उन विवादों पर सुनवाई नहीं होगी, जिन पर किसी न्यायालय द्वारा पहले ही फैसला दिया जा चुका है।

उपभोक्ता अपनी शिकायत दो प्रतियों में संबंधित दस्तावेजों, पूर्व में भेजे गए पत्रों और संपर्क नंबरों के साथ कार्यालय समय में सहायक महाप्रबंधक (पीजी), महाप्रबंधक दूरसंचार कार्यालय, सेक्टर-15ए, फरीदाबाद में जमा कर सकते हैं या डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। बंद लिफाफे पर “टेलीफोन अदालत एवं खुला दरबार” स्पष्ट रूप से लिखना होगा।