Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव (26) निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 को गुप्त सूचना मिली थी कि गौरव आशियाना फ्लैट्स, सेक्टर-63 के पास अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद थाना आदर्श नगर में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव (26) निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है और यह देसी कट्टा हवाबाजी करने के लिए अलीगढ़ से पांच हजार रुपये में खरीदकर लाया था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

