Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने घर से सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में चोरी के गहनों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखने का भी खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनित उर्फ ओप्पो (22) और उसकी मां कविता (काल्पनिक नाम) निवासी बालाजी कॉलोनी, गांव करनेरा, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, संजय एन्क्लेव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी में शिकायत दी थी कि 21-22 जून 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सारन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और स्थानीय जांच के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अनित उर्फ ओप्पो ने बताया कि उसने वारदात वाली रात लोहे की रॉड से घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद उसने छत पर जाने वाले दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि परिवार के सदस्य नीचे न आ सकें। इसके बाद उसने घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए आभूषण आरोपी ने अपनी मां को दे दिए थे। आरोपी की मां ने इन गहनों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर पैसे ले लिए। पुलिस अब गिरवी रखे गए आभूषणों की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनित उर्फ ओप्पो आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से चोरी के 8 मामले दर्ज हैं। वह जून 2026 में ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। वहीं उसकी मां भी पहले एक चोरी के मामले में जेल जा चुकी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस दौरान चोरी की नकदी और गिरवी रखे गए आभूषणों की बरामदगी के साथ-साथ अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।

