July 6, 2026

फरीदाबाद: एपीके फ़ाइल भेजकर 1.29 लाख की साइबर ठगी, राजस्थान से खाताधारक गिरफ्तार

APK फ़ाइल साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी वीरेन्द्र सिंह झाला को जोधपुर से गिरफ्तार करती फरीदाबाद पुलिस

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने मोबाइल फोन हैक कर क्रेडिट कार्ड से 1,29,800 की साइबर ठगी करने के मामले में राजस्थान के जोधपुर से एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेन्द्र सिंह झाला, निवासी रायका बाग बैंक कॉलोनी, जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी को 5 जुलाई 2026 को जोधपुर से गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश करने के बाद 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

बैंक खाते में आए थे ठगी के 50 हजार
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी वीरेन्द्र सिंह झाला केवल खाताधारक नहीं था, बल्कि उसने अपने एक परिचित के माध्यम से अपने बैंक खाते की जानकारी साइबर ठगों तक पहुंचाई थी। जांच के दौरान पता चला कि उसके बैंक खाते में ठगी के 50 हजार ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी के साथी ने एटीएम कार्ड के जरिए यह राशि निकालकर साइबर ठगों तक पहुंचाई थी। अब पुलिस इस पूरे गिरोह और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

एपीके फ़ाइल डाउनलोड करते ही हुआ मोबाइल हैक
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-2, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मार्च को उसके मोबाइल फोन पर एक एपीके फ़ाइल भेजी गई। जैसे ही उसने वह फ़ाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया।

इसके बाद साइबर ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 50 हजार, 50 हजार और 29,800, कुल 1,29,800 की धोखाधड़ी कर ली।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तकनीकी जांच और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।