Faridabad/Alive News: वाहन चोरी के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असफाक निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव साहुपुरा निवासी विकाश कुमार ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को उसकी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने 5 जुलाई को सेक्टर-3 क्षेत्र से आरोपी असफाक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

