July 3, 2026

नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों पर रोड टैक्स में छूट जारी, सब्सिडी योजना फिलहाल बंद

Noida/Alive News: राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को बढ़ावा देने के लिए नई ईवी नीति के तहत सब्सिडी और रोड टैक्स में छूट की घोषणा की गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में यह व्यवस्था पहले से लागू है। नोएडा में यूपी से खरीदे और प्रदेश में ही पंजीकृत होने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर रोड टैक्स में छूट का लाभ मिल रहा है। 

आरआई संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि यूपी से खरीदे गए और यूपी में ही पंजीकृत होने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर रोड टैक्स में छूट दी जा रही है। सरकार की योजना के तहत 25 हजार इलेक्ट्रिक वाहनों को सब्सिडी देने का लक्ष्य पूरा हो चुका है। इसके बाद सब्सिडी के लिए आवेदन प्रक्रिया भी बंद कर दी गई है। ऐसे में वर्तमान समय में नए खरीदारों को किसी प्रकार की सब्सिडी नहीं दी जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल रोड टैक्स में छूट का लाभ उपलब्ध है, जबकि नई सब्सिडी योजना शुरू होने या आवेदन दोबारा खोले जाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं हुए हैं।