July 2, 2026

वाहन चोरी मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 बाइक समेत ट्रैक्टर-टैंकर बरामद

फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन मोटरसाइकिलें, एक ट्रैक्टर और एक टैंकर बरामद किया।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, एक ट्रैक्टर और एक टैंकर बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना पल्ला में 19 जून को दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा बॉर्डर ने उमेश कुमार, निवासी किशनगंज, दिल्ली, हाल निवासी शिवराज कॉलोनी, मेवला, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।

एक अन्य मामले में अपराध शाखा बॉर्डर ने थाना आदर्श नगर में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में अजय उर्फ गोलू, निवासी लाल कुआं, दिल्ली को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

इसी तरह AVTS सिकरोना की टीम ने थाना कोतवाली में दर्ज ट्रैक्टर और टैंकर चोरी के मामले में नफीस, निवासी जेवर, जिला गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर और टैंकर बरामद किया।

वहीं, एक अन्य कार्रवाई में AVTS सिकरोना की टीम ने थाना मुजेसर क्षेत्र से चोरी की मोटरसाइकिल सहित नसीम, निवासी गांव धौज, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का वाहन भी बरामद कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी से जुड़े मामलों में लगातार अभियान चलाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।