Faridabad/Alive News: आईपीएस अधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा (बैच 2011) ने सोमवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त (जॉइंट सीपी) का पदभार ग्रहण किया हैं। हरियाणा सरकार द्वारा 26 जून 2026 को उनकी नियुक्ति फरीदाबाद पुलिस में की गई थी।
राजेंद्र कुमार मीणा इससे पहले सोनीपत में संयुक्त पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। ट्रांसफर के बाद उन्होंने फरीदाबाद में नई जिम्मेदारी संभाली है। वे मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले हैं और अपने लंबे प्रशासनिक करियर में हरियाणा पुलिस के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
वर्तमान में राजेंद्र कुमार मीणा हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) में DIG स्तर पर अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके अधीन फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, मेवात, रेवाड़ी और नारनौल की यूनिट्स शामिल हैं।
पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता आम जनता की सेवा, सुरक्षा और शिकायतों का निष्पक्ष व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, राजेंद्र कुमार मीणा एक अनुभवी अधिकारी हैं और उन्होंने अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

