Faridabad/Alive News: शाखा ऊंचा गांव की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं को सम्मोहित कर उनके गहने ठगने के मामलों में वांछित ₹5000 के इनामी बदमाश को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मंजीत उर्फ मंजीया उर्फ शंकर निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 27 जून को अपराध शाखा ऊंचा गांव को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी मंजीत फरीदाबाद के कई मामलों में वांछित है और चोरी की मोटरसाइकिल पर आईएमटी क्षेत्र में किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोतई पुल पर नाकाबंदी कर आरोपी का पीछा किया और उसे चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी फरीदाबाद के 3 से 4 मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर फरीदाबाद पुलिस ने ₹5000 का इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर एक्ट सहित छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के कालकाजी क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फरीदाबाद में अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर उन्हें सम्मोहित करता था और धोखाधड़ी से उनके सोने-चांदी के गहने हड़प लेता था। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

